अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव में शनिवार की रात में ट्यूूशन से लौट रहे छात्र के साथ एक वर्ग के युवकों की कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों वर्ग के युवकों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों वर्ग के दो युवक घायल हो गए। दोनों वर्ग ने एक दूसरे के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी।
डौला का कक्षा नौ का छात्र कमल शनिवार की रात में ट्यूशन से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही सड़क पर पहुंचा तो वहां पहले से ही मौजूद दूसरे वर्ग के लोगों ने छात्र के ऊपर पान की पीक डाल दी। इसे लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों वर्ग के लोग आमने-सामने आ गए। इस मारपीट में दो युवक घायल हो गए। दोनों वर्ग के लोगों ने सिंघावली अहीर थाने में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने गांव में पुलिस बल तैनात किया है.