अमीनगर सराय के तेड़ा चौकी से तेड़ा मार्ग पर हुई मुठभेड़ के बाद गोली लगने से घायल हुए बदमाशों को ले
- फोटो : BAGHPAT
अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव में इलम सिंह की हत्या को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को थाना पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। एक आरोपी भागने में कामयाब रहा। आरोपियों से पुलिस ने मृतक की खाता बही के साथ तमंचे और 37 हजार रुपये की नगदी बरामद की।
सिंघावली अहीर थाना प्रभारी रवि रतन सिंह ने बताया कि बुधवार रात तितरौदा गांव में इलम सिंह की घर में ही सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। कमरे से उसकी खाता बही और 60 हजार रुपये के साथ नगदी व सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। पुत्रवधू की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात्रि क्षेत्र की पुलिस चौकी तेड़ा से ग्राम तेड़ा को जाने वाले मार्ग पर हत्या में शामिल बदमाशों के आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। बदमाशों से हुई मुठभेड़ में बबलू पुत्र अलीजान, सीताराम पुत्र धर्मपाल निवासीगण तितरौदा थाना सिंघावली अहीर घायल हो गए। इननके पास से हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे, हत्या के दौरान चोरी किए गए 37000 रुपये व मृतक का बहीखाता के अलावा पांच जेवरात बरामद किए गए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्याकांड को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसलिए की इलम सिंह की हत्या
सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इलम सिंह ब्याज का काम करते थे। बबलू के पिता ने तीन साल पहले इलम सिंह से 17000 रुपये ब्याज पर लिए थे, जिसकी एवज में उन्होंने 50 हजार रुपये वापस किए थे। इसे लेकर बबलू ईर्ष्या करता था। इसी कारण बबलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर इलम सिंह की हत्या की योजना बनाकर अंजाम दिया। इसमें सीताराम व फुरकान भी शामिल रहे। सीओ का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस कर रही थी लूटपाट से इंकार
पुलिस शुरू से ही लूटपाट की बात से इंकार कर रही थी। मृतक की पुत्रवधू आशा ने बताया था कि घर से 60 हजार की नगदी व हिसाब की डायरी गायब है। बाद में आशा ने चोरी या लूटपाट का तहरीर में जिक्र नहीं किया। पुलिस भी चोरी या लूटपाट को नकारती रही।