संवाद न्यूज एजेंसी
दाहा/दोघट। दाहा बरनावा मार्ग पर मुलसम गांव के सामने सड़क नीचे धंस गई, इससे कबाड़ से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। ट्रक के चालक सोनू समेत अन्य ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। उधर, सड़क धंसने से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए धरना देने की चेतावनी दी।
आजमपुर मुलसम गांव के सामने दाहा-बरनावा मार्ग पर सड़क करीब एक फुट तक धंस चुकी हैं। बुधवार की सुबह कबाड़ से लदा एक ट्रक सड़क में धंसने से अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में पलट गया। वहां आए ग्रामीण जाहिद, नफीश, राजीव आदि ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही मिट्टी डलवाकर गड्ढा भरवाया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अफसरों से सड़क दुरुस्त कराने की मांग की। हंगामा करने वालों में शेखर, उज्जवल, कलीम, आर्यन, तीरथ, सोनू, अकरम समेत अन्य मौजूद रहे। उधर, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजय कुमार तेवतिया ने बताया कि दो दिन में सड़क की मरम्मत कराकर ठीक करा दी जाएगी।
नेशनल हाईवे पर नाले के गड्ढे में कार पलटी
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर नैथला मोड़ के समीप एक कार अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में गिरने से पलट गई। इस हादसे में कार चालक मामूली रूप से घायल हो गया और कार छोड़कर चला गया। बुधवार को दिनभर कार नाले के गड्ढे में पड़ी रही।