बड़ौत की छपरौली चुंगी पर सड़क दुर्घटना में मृत युवक को देखती भीड़।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग पर छपरौली चुंगी के नजदीक दिल्ली से शामली की ओर जा रहे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया। युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक की वजह से हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को हटवा कर यातायात सुचारु कराया।
मृतक विजय शर्मा (23) पुत्र राजकुमार शर्मा कोतवाली रोड़ छपरौली चुंगी के पास का रहने वाला था। वह साइकिल से दिल्ली बस स्टैंड की ओर जा रहा था। डिवाइडर क्रॉस करते वक्त दिल्ली की ओर से ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में विजय शर्मा ट्रक व डिवाइडर के बीच फंस कर गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोगों ने किसी तरह विजय शर्मा को निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बड़ौत भिजवाया। यहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। मगर, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर वहां से हटवाया। इसके बाद ही जाम खुल सका। उधर, विजय की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसके भाई अभिषेक, मां ट्विंकल शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल था।