- बालिका शिक्षा के प्रदेश प्रभारी डॉ. मुकेश सिंह ने किया विद्यालय का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बालिका शिक्षा के प्रदेश प्रभारी डॉ. मुकेश सिंह ने मंगलवार को बड़ौत और छपरौली के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने 22 सितंबर को प्रदेश स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता के लिए होने वाले ट्रायल के बारे में जानकारी ली।
बीएसए आकांक्षा रावत ने बताया कि 22 सितंबर को प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए लखनऊ में कस्तूरबा की बालिकाओं का ट्रायल लिया जाएगा। ट्रायल में चयनित बालिका खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर होने वाली विद्यालीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगी। खेलकूद प्रतियोगिता के लिए सभी जिलों के लिए अलग-अलग खेल निर्धारित किए गए हैं। बागपत की बालिकाओं का खो-खो, कुश्ती, कबड्डी और दौड़ प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
मंगलवार को बालिका शिक्षा के प्रदेश प्रभारी डॉ. मुकेश सिंह ने छपरौली और बड़ौत के कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण कर ट्रायल संबंधी जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों में उपस्थिति रजिस्टर और छात्राओं से पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को स्वयं शिक्षण करने के लिए प्रेरित भी किया।