बागपत जनपद के दोघट कस्बे में हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूटकर सड़क पर आ गिरे और उनमें करंट दौड़ता रहा। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बड़ौत के दोघट कस्बे में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक भारी-भरकम पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिर पड़ा। इसके चलते लाइन के तार टूटकर सड़क पर गिर गए और उनमें लगातार करंट दौड़ता रहा।
विज्ञापन
इस दौरान कई राहगीर, बाइक सवार और कार चालक उस मार्ग से गुजर रहे थे, लेकिन उन्होंने समझदारी दिखाते हुए फुर्ती से खुद को बचा लिया। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति या वाहन तारों की चपेट में नहीं आया, वरना जानलेवा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। अवर अभियंता हरेंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत शटडाउन लेकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। उन्होंने टूटे पेड़ को हटवाया और रास्ते को साफ कराया।
इस घटना के चलते करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते बिजली बंद कर दी गई, जिससे जनहानि नहीं हुई।