बागपत के वात्सायन पैलेस में बैठक में पुलिस अधिकारियों से समस्या बताते व्यापारी
- फोटो : BAGHPAT
अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए हुई बैठक में व्यापारियों ने सीओ के सामने उठाई समस्या
बाजार में पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए रविवार को पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। बताया कि सड़क किनारे खड़ी बाइकों के चालान कटने और चालान के डर से दुकान पर ग्राहकों के नहीं आ रहे है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से समस्या का समाधान करने की मांग की।
वात्स्यायन पैलेस में आयोजित बैठक में व्यापारी नेता नन्दलाल डोगरा, भाजपा नेता संजय प्रजापति ने सीओ और कोतवाली प्रभारी के सामने व्यापारियों की समस्याएं रखी। बताया कि कोई ग्राहक दुकान पर दस रुपये का सामान लेने आ जाता है तो बाहर बाइक खड़ी होने पर एक हजार रुपये का चालान कट जाता है। चालान कटने के डर से ग्राहक ने बाजार में आना बंद कर दिया है। उन्होंने पार्किंग के लिए नगर पालिका से अलग व्यवस्था कराने की मांग की। व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता ने अग्रवाल मंडी टटीरी के व्यापारियों की समस्या का समाधान कराने की मांग की। सीओ अनुज मिश्रा ने कहा कि बाजार में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार में खींची गई सफेद पट्टी से आगे दुकानें नहीं लगने दी जाएगी। पार्किंग के लिए नगर पालिका अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। बैठक में सोहनपाल शर्मा, हरकरण सिंह, सुधारस चौहान आदि मौजूद रहे।