मृतक विक्रांत का फाइल फोटो। स्रोत:परिजन
बड़ौत। नगर के कोताना मार्ग पर जोनमाना गांव के समीप बृहस्पतिवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मारकर बैंककर्मी विक्रांत (32) निवासी लुहारी को कुचल दिया। इस हादसे में बैंककर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राले को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। लुहारी गांव का रहने वाला विक्रांत दिल्ली के बैंक में नौकरी करता था, जो बृहस्पतिवार की सुबह गांव से बाइक लेकर दिल्ली ड्यूटी जाने के लिए निकला था। जोनमाना गांव के पास पहुंचा तो सामने से ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विक्रांत सड़क पर गिर गया और उसके ऊपर से ट्रैक्टर का पिछला पहिया उतर गया। विक्रांत ट्रैक्टर के पिछले पहिये में फंस गया।
हादसे में उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि मृतक दिल्ली के एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करता था, जो दो भाइयों में बड़ा था और छोटा भाई पढ़ाई करता है।
मृतक के परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। बड़ौत पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।