एक सप्ताह में कई गुणा बढ़ गए टमाटर के दाम
बागपत। हिमाचल से टमाटर की सप्लाई न होने के कारण एक सप्ताह में टमाटर के दाम छह से आठ गुणा हो गए है। बाजार में सब्जी लेने आने वाले लोग टमाटर के दाम सुनकर दंग है। लोगों का कहना है कि दाम अधिक होने के कारण उन्होंने टमाटर खरीदना ही बंद कर दिया है।
लॉकडाउन में बाजार बंद है। वाहनों का आवागमन भी पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाया है। जिले में भारी मात्रा में हिमाचल से आलू और टमाटर की सप्लाई होती है। हिमाचल से टमाटर की सप्लाई न होने का असर जिले में दिखाई दे रहा है। पिछले एक सप्ताह में सप्लाई न होने के कारण टमाटर के दामों में छह से आठ गुणा बढ़ गए है। एक सप्ताह पहले दस से बीस रुपये प्रति किलो मिलने वाले टमाटर की कीमत 60 से 80 रुपये किलो हो गई है।
मंडी सचिव विनोद राणा का कहना है कि जिले में भारी मात्रा में हिमाचल से आलू व टमाटर की सप्लाई होती है। हिमाचल से सप्लाई न होने के कारण टमाटर के दाम बढ़ गए है। जैसे ही सप्लाई शुरू होगी, दाम घट जाएंगे।
बड़ौत रोड़ की गृहणी मिथलेश उपाध्याय का कहना है कि टमाटर के दाम आसमान छू रहे है। उन्होंने टमाटर खरीदना ही बंद कर दिया है। भजन बिहार की निगम शर्मा कहना है कि एक सप्ताह पहले दस से बीस रुपये में एक किलो मिलने वाला टमाटर 60 से 80 रुपये किलो हो गया है। उन्होंने तो टमाटर खरीदना ही छोड़ दिया है।
मुगलपुरा की मुनीजा बेगम का कहना है कि वह टमाटर के बढ़ती कीमत को देखकर हैरान है, यही हाल रहा तो टमाटर खरीदने बंद कर देगी।