बागपत में साक्षर भारत परीक्षा की शिक्षा विभाग ने सभी तैयारी पूरी कर ली। परीक्षा के लिए 90 हजार परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्रत्येक ब्लाक के 237 प्राथमिक पाठशाला नंबर एक को परीक्षा केंद्र बनाया। परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने में सात जिला स्तरीय और 17 ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई।
साक्षर भारत कार्यक्रम में साक्षर भारत परीक्षा आज (रविवार) को जनपद के छह ब्लाकों के प्राथमिक पाठशाला नंबर एक में कराई जाएगी। परीक्षा की शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली। मुख्य विकास अधिकारी जेपी रस्तौगी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया परीक्षा की पूरी जिम्मेदारी ब्लाक स्तर पर समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, एनपीआरसी समन्वयक, ब्लाक समन्वयक साक्षरता की होगी। केंद्रों पर परीक्षा 10 बजे से पांच बजे तक होगी।
तीन घंटे की परीक्षा परीक्षार्थियों की सुविधानुसार ली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार लेखक अथवा अतिरिक्त समय की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा की फोटोग्राफी होगी और परीक्षा समाप्त होने पर अभिलेख तैयार कर जिला लोक शिक्षा समिति बागपत को सौंपी जाएंगे। विकास अधिकारी ने निर्देश दिए परीक्षार्थियों को नीला पेन उपलब्ध कराया जो जिला लोक शिक्षा समिति बागपत को ही किया जाने के निर्देश है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया परीक्षा के लिए 90 हजार परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया। 237 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा 150 अंक की होगी। इसमें पढ़ना, लिखना और गणित के पेपर होंगे जो 50-50 अंक के होंगे। परीक्षा को कराने के लिए सात जिला स्तरीय और 17 ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई।