शुक्रवार को मवीकलां और शनिवार को बागपत व बड़ौत में किया जाएगा वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार मवींकला के विनायक कॉलेज और शनिवार को बागपत के सम्राट पृथ्वीराज कॉलेज व बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कालेज में छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन का वितरण किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि शासन की ओर से विभाग को 6919 स्मार्टफोन और 3215 स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए थे। विभाग की ओर से शुक्रवार को मवीकलां के विनायक कॉलेज में कार्यक्रम कर विनायक कालेज के अलावा खेकड़ा के लख्मीचंद पटवारी कालेज व जगमोहन कालेज के छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित कराए जाएंगे। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेगे। शनिवार को नगर के एसपीआरसी डिग्री कॉलेज और बड़ौत के वैदिक जनता डिग्री कालेज में टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण किया जाएगा। एसपीआरसी डिग्री कालेज में बागपत विधायक योगेश धामा और बड़ौत में वन एवं राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। फिलहाल मवीकलां में 500, एसपीआरसी में 900 और जनता वैदिक बड़ौत में 1200 छात्रों को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे। अन्य छात्रों को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण के लिए कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।