- समर्थ पोर्टल पर जिले के कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं छात्र-छात्राएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। छात्र-छात्राओं के पास पंजीकरण कराने के लिए 10 जुलाई तक का समय है। इसके बाद दूसरा मौका मिलने की संभावना कम है।
स्नातक और प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए सीसीएसयू द्वारा पंजीकरण काफी समय से चल रहे हैं। विश्वविद्यालय ने पहले 30 जून तक का समय दिया था, जिसे बढ़ाकर 10 जुलाई कर दिया गया है। जिले के 22 कॉलेजों में 18 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होना है।
दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज की प्राचार्या शिन्जिता अग्रवाल ने बताया कि 10 जुलाई तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवेश के लिए कक्षावार मेरिट तैयार की जाएगी। इसे देखते हुए कॉलेजों ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। स्नातक बीए, बीकॉम, बीएससी सहित प्रोफेशनल कोर्स की कक्षाओं में प्रवेश के लिए कॉलेजों में अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे।