-एआई से हाथों में एके-47 दिखाकर फोटो वायरल करने पर दौझा गांव में भिड़ गए थे दो पक्ष
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। एआई से फोटो में एके-47 जोड़ने के विवाद में दौझा गांव में पथराव और फायरिंग के पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
दौझा गांव में नसीबुद्दीन और इदरीश पक्ष के बीच पुराना विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के चार युवकों के फोटो एआई से एडिट कर हाथ में एके-47 जैसा हथियार देकर वायरल किए गए थे। पुलिस ने इस मामले में दिलशाद, हैदर और कामिल को पहले ही गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की थी। इसी विवाद के चलते बुधवार को दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इदरीश पक्ष ने नसीबुद्दीन के बेटे विशाल उर्फ छोटू पर फोटो वायरल करने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई।
बड़ावद चौकी प्रभारी विकास कुमार ने एक पक्ष के नसीबुद्दीन, उमरदीन, अफजाल, हैदर, मोईन, रिहान, समर उर्फ निसार, विशाल उर्फ छोटू, समीर और इदरीश पक्ष के कामिल, सावेज, आलिम, अलीमुद्दीन, कासिम और 30 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि समर उर्फ निसार, समीर, विशाल उर्फ छोटू, कामिल और कासिम को गिरफ्तार किया गया है। वहीं उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई ईंट, पत्थर, डंडे और लोहे का औजार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।