अमीनगर सराय (बागपत)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को पिलाना सीएचसी पर ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले में लोगों की जांच कर दवा दी गई। मेले में विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मेले में आभा कार्ड के बनवाने में लिए लोगों की कतार लगी रही। मेले में सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने फीता काटकर व मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में दो महिलाओं की गोदभराई कराकर नौनिहालों को पुष्टाहार खिलाया।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने लोगों को सात्विक भोजन व नियमित योग करने की सलाह दी। स्वास्थ्य मेले में कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, आभा कार्ड योजना पंजीकरण, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना, संचारी रोग, क्षय रोग, एचआईवी संक्रमण व बचाव, मातृ एवं शिशु कल्याण एवं परिवार नियोजन, दिव्यांग प्रमाण पत्र के स्टाल लगाकर लोगों को उपचार की जानकारी दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि मेले में 859 महिला व 471 पुरुष ने उपचार कराया। मेले में सामान्य बीमारी के 115, टीबी के छह, बुखार के 26, पेट के नौ, आंखों के 32, हड्डी के आठ, कैंसर के दो मरीजों ने उपचार कराया। मेले में 226 लोगों का टीकाकरण किया गया।