अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-सहारनपुर रेल लाइन पर कांधला के पास मरम्मत का कार्य होने के कारण तीन ट्रेनें रद्द कर दी गई। एक ट्रेन कांधला से वापस दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेनाें के रद्द होने से यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा किया।
रविवार को हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली 54476 , दिल्ली से शामली जाने वाली 74025 और शामली से दिल्ली जाने वाली 74026 पैसेंजर ट्रेन रेलवे लाइन पर मरम्मत का कार्य चलने के कारण रद्द कर दी गई। जबकि पैसेंजर ट्रेन 740261 दिल्ली से सहारनपुर तक जाने के बजाए कांधला से ही लौटकर दिल्ली के लिए रवाना हुई।
ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री ओमपाल, देवेंद्र, सोमपाल, जितेंद्र, ओंकार, तेजपाल, इमरान, इस्लाम, रिजवान ने इसको लेकर स्टेशन पर हंगामा किया।
खेकड़ा प्रतिनिधि के अनुसार ट्रैक पर मरम्मत कार्य चलने के कारण मार्ग पर रेलवे अधिकारियों ने रविवार को कई ट्रेन की रद्द कर दी अौर कई ट्रेन देरी से स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्री परेशान रहे।
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर ट्रैक पर पिछले दो-तीन माह से अंडर पास निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण ट्रेनें या तो घंटों लेट रहती है, या फिर विभागीय अफसरों द्वारा रद्द कर दी जाती है। रविवार को भी कांधला और शामली के बीच गेट नंबर 110 और 83 के पास अंडर पास निर्माण कार्य चलने के कारण 74025, 74026 व 54476 ट्रेनें रद्द रहीं, जबकि कई अन्य ट्रेन नंबर 51910, 74021 अपने निर्धारित समय से घंटों लेट रही। इस कारण यात्रियों को आवागमन को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने कहा इस रूट पर ट्रेन रद्द होना या लेट होना आम बात हो गई है। स्टेशन अधीक्षक पीके बोस ने कहा विभागीय आदेशानुसार ट्रेनें रद्द की गई।