- दस दिन में निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन योजना के अंतर्गत परियोजनाओं के सत्यापन के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। टीमें परियोजनाओं के निर्माण की गुणवत्ता, कनेक्शन, पाइपलाइन की लंबाई और गहराई का सत्यापन कर दस दिन में आख्या प्रस्तुत करेंगी। सीडीओ ने जल निगम के अधिशासी अभियंता की उपस्थिति में परियोजनाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए है।
राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन योजना के अंतर्गत जल निगम की ओर से 29 पाइप पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से 14 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है, जबकि 15 परियोजनाएं निर्माणाधीन है। परियोजनाओं के सत्यापन के लिए चार-चार सदस्यीय तीन टीमों का गठन किया गया है। टीम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण के अवर अभियंता, लघु सिंचाई, नलकूप खंड के अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल किया गया है। टीम परियोजनाओं के निर्माण की गुणवत्ता, नक्शा के अलावा पाइपलाइन की लंबाई और गहराई की जांच करेंगी। इसके अलावा पेयजल की गांव के अंतिम छोर तक आपूर्ति, कनेक्शन, टंकी परिसर की सफाई व रख-रखाव व उपभोक्ताओं के जल शुल्क जमा करने की भी जांच की जाएगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता की उपस्थिति में परियोजनाओं का निरीक्षण और सत्यापन किया जाएगा। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने टीमों को दस दिन में परियोजनाओं का सत्यापन कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।