पांची गांव में हर्ष फायरिंग के आरोप में पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी
- फोटो : BAGHPAT
चांदीनगर। पांची गांव में शुक्रवार रात घुड़चढ़ी में डांस करते समय हर्ष फायरिंग करने पर किशोर को गोली लगने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया। उन सभी को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया।
पांची गांव में शुक्रवार रात को गांव के एक युवक की घुड़चढ़ी में डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। ढिकौली गांव का एक फौजी भी अपने दो साथियों के साथ डीजे के सामने नाचने लगा। उस दौरान फौजी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दी। जिससे गोली पांची निवासी किशोर शाहिद पुत्र रफीक के बगल के पास लग गई थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी फौजी रवींद्र उर्फ रवि को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी कल्लू उर्फ अमित निवासी ढिक़ौली व प्रमोद निवासी पांची मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में शनिवार पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया। इसके साथ ही लाइसेंसी रिवाल्वर व तीन खोखे बरामद किए गए हैं।