बागपत/बड़ौत। जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। वाजिदपुर गांव निवासी बीएसएफ के जवान के अलावा बड़ौत में किराना दुकानदार और बागपत नगर में मुगलपुरा निवासी व्यक्ति की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने सैनिटाइजर का छिड़काव कराया और 300 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। बुधवार को बड़ौत में मिले कोरोना पॉजिटिव के यहां सर्वे किया जाएगा।
बड़ौत सीएचसी अधीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव के तीन केस मिले है। इनमे एक वाजिदपुर गांव का बीएसएफ का जवान है, दूसरा बड़ौत का किराना की दुकान का संचालक है और एक केस बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले में मिला है। वाजिदपुर के बीएसएफ के जवान की कोलकाता में तैनाती है। वह 15 दिन पूर्व छुट्टी पर अपने गांव आया था। गांव आने के बाद उसने अपने आप को होम क्वारंटीन कर लिया था। इस दौरान उसे कुछ दिक्कत हुई तो उसने 12 मई अपना टेस्ट कराया। मंगलवार को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 टीमों का गठन कर गांव में सैनिटाइजर का छिड़काव कराकर सर्वे किया गया। सर्वे के उपरांत जवान की गली को सील कर दिया गया है तथा गली के 23 घरों के 129 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। होम क्वारंटीन किए गए लोगों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस का पालन करने के निर्देश दिए गए है।
बुधवार को बड़ौत में किरयाना की दुकान संचालक की गली में सैनिटाइजर का छिड़काव कर सर्वे किया जाएगा। उधर, बागपत सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाग राजपूत ने बताया कि 12 मई को मुगलपुरा मोहल्ले के 25 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोहल्ले को पहले ही सील किया जा चुका है। लोगों को पूर्व में ही एहतियात बरतने के निर्देश दिए जा चुके है।