बागपत। घरेलू गैस के दाम बढ़ाए जाने से जिले के करीब तीन लाख उपभोक्ता प्रभावित होंगे। सिलिंडर भरवाने के लिए अब उपभोक्ताओं को 144 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा, जबकि व्यवसायिक गैस पर एक माह पहले ही ढाई सौ रुपये की बढ़ोत्तरी की जा चुकी है। बुधवार से घरेलू गैस के बढ़े हुए दाम जिले की गैस एजेंसियों पर लागू कर दिए गए हैं। बिल 144 रुपये अतिरिक्त पहुंच जाने पर उपभोक्ताओं ने भी हैरानगी जताई। बुधवार को जिलेभर की गैस एजेंसियों पर नए रेट से गैस सिलिंडर की आपूर्ति और वितरण किया गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस तरह दाम बढ़ाए जाने से उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
क्या कहते हैं उपभोक्ता
- अग्रवाल मंडी टटीरी के समाजसेवी प्रवीण मित्तल का कहना है कि सरकार ने जो दाम बढ़ाए है, इससे आम आदमी को नुकसान होगा। सरकार को कीमत वापस लेनी चाहिए।
- अमीनगर सराय निवासी गृहणी पूनम शर्मा का कहना है कि फैसला गलत है। घर के बजट पर फर्क पड़ेगा। महिलाओं के लिए इसे ठीक नहीं कहा जा सकता। कीमत घटनी चाहिए।
- खेकड़ा निवासी मधु जैन का कहना है कि सरकार का गलत फैसला है। इससे आमजन को सबसे अधिक नुकसान होगा।
- छपरौली के चमनलाल का कहना है कि आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों को दिक्कत होगी। रेट घटाने के बजाए बढ़ा दिए गए।
- बड़ौत की मीनाक्षी तोमर का कहना है कि गैस के दाम बढ़ाए जाने गलत है। इससे मध्यम वर्ग के लोगों को परेशानी होगी।
इस तरह बढ़े दाम
बागपत। गैस एजेंसी संचालक राजीव गुप्ता का कहना है कि बुधवार से दाम बढ़ गए हैं। उपभोक्ताओं को जानकारी दी जा रही है। पहले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 709.50 रुपये थे, अब यह कीमत बढ़कर 853.50 रुपये हो गई है। कीमत 144 रुपये बढ़ी है।