बागपत जिले में जानलेवा बुखार का कहर जारी है। चिकनगुनिया के सैकड़ों मरीज हैं। डेंगू के मामले भी सामने आए हैं। सांकल पुट्ठी गांव में छात्रा समेत बुजुर्ग और रटौल गंाव में भी बुखार से बुजुर्ग की मौत हो गई। सीएमओ डॉ. रविंद्र मिश्रा ने कहा अधिक प्रभावित गांवों में हेल्थ कैंप लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों को बचाव के तरीके भी बताए हैं।
सितंबर माह में बुखार से मरने वालों की संख्या 25 के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग जगह-जगह कैंप लगा रहा है। चांदीनगर के रटौल गांव निवासी कंदर (75) को पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। पहले उसे स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया, बाद में मेरठ में इलाज कराया। परिजनों ने कहा बुखार से बुजुर्ग की मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है। इससे पहले भी यहां कई मौत बुखार से हो चुकी है।
पिलाना के सांकल पुट्ठी गांव में दसवीं कक्षा की छात्रा दीपा पुत्री अनिल को कई दिन से बुखार आ रहा था। छात्रा का परिजनों ने इलाज कराया, लेकिन उसे आराम नहीं लगा। बृहस्पतिवार को छात्रा की मौत हो गई। उधर, इसी गांव में 65 वर्षीय चेतन की भी बुखार से मौत हुई है। बागपत में अब तक सितंबर माह में बुखार से मरने वालों की संख्या 25 के पार पहुंच चुकी है। कई गांवों में बुखार को लेकर दहशत है। सीएमओ डॉ. रविंद्र कुमार मिश्रा ने कहा जिन क्षेत्रों में बुखार का अधिक प्रकोप हैं, वहां पर कैंप लगाए जा रहे हैं। लोगों को जागरूक रहने के लिए भी कहा जा रहा है।
बुखार ने उड़ाए लोगों के होश
दाहा। चिकनगुनिया बुखार ने लोगों के दहशत में डाला हुआ है। क्षेत्र के पुसार, दाहा, निरपुड़ा, भड़ल, तमेला गढ़ी, झूंडपुर, मिलाना आदि गांवों में बुखार फैला हुआ है। गांवों के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से हेल्थ कैंप लगवाने की मांग की है। प्रताप सूबेदार ने बताया कि बुखार की जकड़ में बच्चा-बच्चा आया हुआ है। कोई घर ऐसा नहीं है जिसमें वायरल से पीड़ित न हो। गांवों में हेल्थ कैंप लगवाने की मांग की।
बड़ौत सीएचसी में चिकनगुनिया के कई मरीज भर्ती
बड़ौत। क्षेत्र में बुखार के प्रकोप के चलते अब सीएचसी में चिकनगुनिया के लक्षण के मरीज पाने से भय व्याप्त हो गया है। हाल में क्षेत्र में बुखार का प्रकोप फैला है। नगर की सीएचसी समेत सभी निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भरमार है। सीएचसी बड़ौत में पट्टी मेहर बड़ौत की ब्रिजेश देवी पत्नी सुरेश, गुराना रोड बड़ौत के प्रवीण, धर्मवीरी पत्नी जयचंद, शिमला पत्नी जयवीर गांव ईदरीशपुर की रहने वाली है।
उन्हें चिकनगुनिया के लक्षण मिले हैं उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया और उनकी हालत गंभीर बनी है। अब सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल भेजने की यहां के चिकित्सक तैयारी कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश उपाध्याय किसी कार्य से लखनऊ में हैं। उन्होंने बताया अभी उन्हें इसकी जानकारी नहीं हैै।