बागपत के खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैड़ा में पिछले तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजलीघर पर पहुंच धरना-प्रदर्शन किया। तत्काल आपूर्ति की बहाली न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी।
रविवार सुबह करीब नौ बजे क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैडा के ग्रामीण गांव की आपूर्ति बाधित होने के कारण एकत्र होकर बिजलीघर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजलीघर के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा तीन दिन पूर्व आंधी के कारण कई जगह बिजली के तार टूट गए थे, लेकिन विद्युत निगम के संबंधित अधिकारियों ने अभी तक आपूर्ति चालू नहीं कराई।
आक्रोशित लोगों ने कहा उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे। र गर्मी के कारण जीना दुश्वार हो गया है। पशुओं के चारे पेयजल आदि की विकट समस्या उत्पन्न हो गयी है। ग्रामीणों ने कहा यदि सोमवार तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वह चक्का जाम करेंगे। इसमें राकेश मुखिया, निकुंज त्यागी, दिनेश, गोपी चंद, सचिन, चीनू, विक्की, सुकराम, मनोज, लोकेंद्र, भूरा, नरेंद्र, मोहित त्यागी, बालकिशन, संजय, रामकिशन आदि रहे।
उधर, क्षेत्र के ग्राम फखरपुर, गोठरा, घिटोरा गांव की आपूर्ति भी पाबी फीडर तीन दिन से खराबी दूर न होने के कारण अंधेरे में डूबे हुए हैं। इस कारण ग्रामीणों में आक्रोश है।