बागपत। नगर के पुराने कस्बे में डेढ़ हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने अन्य तीन भाई को गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
घोसियान मोहल्ला निवासी दुकानदार भूरा के साथ रुपये के लेनदेन को लेकर रिजवान व चांद निवासीगण मोहल्ला व्यापारियान का रविवार को विवाद हुआ था। इसमें भूरा के मकान में घुसकर भाई महताब को गर्दन में गोली मारकर घायल कर दिया था। भूरा व उसके पिता गुलजार भी मारपीट व पथराव में घायल हो गए थे। इस मामले में भूरा ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि इस मामले में इमरान, रिहान और रिजवान पुत्रगण इलियास को सोमवार सुबह नगर के राष्ट्र वंदना चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपी चांद को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया है। इस मामले में अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी है।