खतौली। लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी कर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस और एसओजी टीम ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी वोटर आईडी, मोबाइल फोन, स्टांप पैड और तीन बाइक बरामद की हैं।
गांव फहीमपुर निवासी महिला बीना ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी कि राकेश, आदित्य, राहुल ने उसे और मधु, प्रभा, आश, सुनीता, प्रतिभा, उमा, पिंकी के साथ कंपनी की तरफ से पचास हजार रुपये लोन देने की बात कहकर दो-दो हजार रुपये एडवांस ले लिए थे। इसके बाद इन लोगों ने अपना फोन बंद कर लिया। इसके बाद जानकारी की गई तो वह कंपनी नहीं होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसओजी और पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांव शाहपुर की ओर से तीन व्यक्ति अलग अलग बाइक पर आ रहे हैं। यह लोग महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करते हैं।
पुलिस टीम ने तीनों को पकड़ लिया। आरोपी मिर्जापुर के थाना विंध्याचल के गांव बबुरा निवासी राहुल सिंह, हरियाणा के यमुनानगर के थाना रादौर के गांव छोटा बांस निवासी विक्रम सिंह और हरियाणा के जिलाल यमुना नगर के थाना रादौर के गांव बैडी खजूरी निवासी साजन खान बताए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 17 फर्जी आधार कार्ड, तीन जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट, आठ फर्जी वोटर आईडी कार्ड, विभिन्न कंपनियाें के 9 मोबाइल फोन, दो पेचकस, दो चाबी, दो छोटी कैंची, दो फर्जी मोहर, दो स्टांप पैड, पांच फर्जी सिम, दो बिल बुक, तीन बाइक, विभिन्न बैंकों के 9 डेबिट और क्रेडिट कार्ड 4270 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश किया है।