बागपत के सरूरपुर गांव में हाईवे किनारे बैठे आवारा गौवंश को रविवार की रात में डीसीएम में भरकर ले जा रहे गोकशों को ग्रामीणों ने पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी लोगों को गोली मारने की धमकी देकर भाग गए। लोगों ने कहा पुलिस की लापरवाही के चलते इस तरह की घटनाएं हो रही है। उन्होंने एडीएम से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सरूरपुर गांव के लोगों ने बताया गांव में स्थित पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर की दूरी पर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे पंचायत घर है। वहां पर आवारा गोवंश बैठे रहते हैं। रविवार की रात में करीब 11 बजे एक डीसीएम में छह-सात लोग गोवंशों को नशीले इंजेक्शन लगाने के बाद रस्सी बांधकर चढ़ा रहे थे। इसी दौरान वहां से गांव का एक युवक गुजरा। उसने यह नजारा देखकर शोर मचा दिया। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने डीसीएम का पीछा किया। आरोप है ट्रक में सवार लोगों ने गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद भी ग्रामीणों ने डीसीएम का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए।
लोगों ने कहा आरोपी गोवंश का कटान करते हैं। गांव में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार आरोपी गोवंशों को ले जा चुके हैं। पिछले साल तो विरोध करने पर आरोपियों ने गोली चला दी थी। गांव का एक व्यक्ति गोली लगने से बाल-बाल बचा था। उन्होंने कहा ऐसी घटनाएं पुलिस की लापरवाही के कारण हो रही है। क्योंकि शिकायत करने के बावजूद पुलिस गोकशों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।
उन्होंने सोमवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर एडीएम से शिकायत की। इसमें अंकित, जगवीर, सुधीर, सुभाष नैन, विनोद, नरेश आदि मौजूद रहे। सीओ कर्मवीर सिंह ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई तो बेहद गंभीर है। गोवंश ले जाने वालों का पता लगाया जाएगा।