मुजफ्फरनगर के एसएसपी गिरफ्तार लुटेरों के बारे में जानकारी देते हुए।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के बीड़ी व्यापारी के छह लाख 90 हजार रुपये लूटने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया। घटना के पांच दिन बाद ही पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए आरोपियों से लूटी गई रकम, तमंचे और चोरी के दो वाहन बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस को यह कामयाबी हाथ लगी। क्राइम ब्रांच और शहर कोतवाली पुलिस द्वारा मिलकर की गई कार्रवाई में अभी तीन लुटेरे पकड़े जाने बाकी हैं।
एसएसपी दीपक कुमार ने बड़ौत के बीड़ी व्यापारी की लूट का खुलासा कर दिया है। 29 जून को बड़ौत के बीड़ी व्यापारी विनोद जैन के सेल्समैन योगेंद्र कुमार और चालक सोहनपाल बुढ़ाना में बीड़ी की सप्लाई कर वहां से छह लाख 90 हजार रुपये लेकर जा रहे थे। बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र में कान्हड़ मंदिर के पास बदमाशों ने रकम लूटकर सनसनी फैला दी थी। इस दौरान मौके पर दोनों जिलों की पुलिस पहुंची और बदमाशों की तलाश की।
आईजी मेरठ ने वारदात के खुलासे को लेकर दोनों जिलों की पुलिस को लगाया। रविवार रात सीओ सिटी डॉ तेजवीर सिंह, शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा और क्राइम ब्रांच प्रभारी केपीएस चाहल चरथावल मोड़ तिराहे से चार बदमाशों को पकड़ लिया। सोमवार को पुलिस लाइन में कप्तान दीपक कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पकड़े गए बदमाशों में इनाम पुत्र अलवी उर्फ इनाम निवासी किदवईनगर शहर कोतवाली, साबिर पुत्र रफीक शाहबुद्दीनपुर रोड शहर कोतवाली, इमरान पुत्र नईम बुढ़ाना और हसीन पुत्र इकबाल निवासी मुरादपुरा थाना तितावी हैं।
इनके तीन साथी शामली के बाबरी निवासी शाहिद उर्फ छाती पुत्र यूसुफ, खतौली के ढाकन चौक निवासी दानिश उर्फ पहलवान, शाहरुख पुत्र नूरसलीम और वसीम पुत्र अलीहसन निवासीगण किदवईनगर शहर कोतवाली भी इस लूट में शामिल रहे थे, ये चारों आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई रकम छह लाख 90 हजार, चार तमंचे, छह कारतूस, एक बाइक अपाचे और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों पर अलग-अलग थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आईजी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को दस हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।