पुसार गांव में बस स्टैंड के पास जमीन पर क्षतिग्रस्त पड़ा प्राइवेट कंपनी का एटीएम
- फोटो : BAGHPAT
चोरों ने एटीएम उखाड़ी, केबिन के बाहर पड़ी मिली
दोघट (बागपत)। पुसार बस स्टैंड पर स्थित चौधरी फिलिंग सेंटर पर लगे प्राइवेट कंपनी के एटीएम का ताला खोलकर चोरों ने मशीन उखाड़ ली और केबिन के बाहर छोड़ गए। सूचना पर पहुंचे सीओ बड़ौत ने जांच की। पैट्रोल पंप के मैनेजर ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
चौधरी फिलिंग सेंटर के मैनेजर विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि पेट्रोल पंप पर प्राइवेट कंपनी इंडिया वन एटीएम की मशीन लगी हुई है। सोमवार को सुबह एटीएम मशीन केबिन से बाहर पड़ी मिली। सूचना पर एसओ रमेश सिंह सिधू फोर्स के साथ पहुंचे और जानकारी दी। सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे तथा पेट्रोल पंप पर कार्य कर रहे लोगों से इसकी जानकारी ली। मैनेजर ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे के बाद सभी कर्मचारी अपने कमरे में चले गए थे। सुबह उठे तो मशीन बाहर निकली पड़ी मिली। मशीन से कोई रकम नहीं निकाली गई थी। दो सितंबर से मशीन में कोई रकम ही नहीं डाली गई थी। कमीशन को लेकर इंडिया वन एटीएम वालों की दो सितंबर से हड़ताल चल रही थी। इस कारण मशीनों में रकम नहीं रखी जा रही थी। सीओ रामानंद कुशवाहा ने बताया कि एटीएम मशीन के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई जाएगी। कंपनी के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। कंपनी अपने कर्मचारी को भेजकर सीसीटीवी फुटेज निकलवा कर पुलिस को देगी।