खेकड़ा। क्षेत्र के गांव नया सुभानपुर से सोमवार की रात्रि में चोरों ने ट्रक चोरी किया। मंगलवार की सुबह ट्रक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हरियाणा के कुंडली में खड़ा मिला। ट्रक से चोर टायर आदि सामान चोरी कर ले गए। ट्रक मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी।
गांव नया सुभानपुर निवासी हरिशंकर ने ट्रक खरीद रखा है। ट्रक को गांव का ही व्यक्ति कंवर पाल चलाता है। सोमवार की देर शाम चालक कंवर पाल ट्रक को अपने मकान के बाहर खड़ा कर सो गया था। रात्रि में चोर मकान के बाहर खडे़ ट्रक को चुराकर ले गए। मंगलवार की सुबह ट्रक चोरी होने का पता लगने पर ट्रक मालिक और चालक के होश उड़ गए। इसके बाद ट्रक मालिक व चालक ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम के संकेतों के आधार पर ट्रक की तलाश में जुट गए। तलाश करने पर ट्रक हरियाणा के कुंडली में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खड़ा मिला। ट्रक से टायर, बैटरी, प्रेसर जैक आदि सामान चोरी हुआ मिला। इसके बाद ट्रक मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा कि घटना की तहरीर मिल गई है। हरियाणा के कुंडली से पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर से ट्रक बरामद हो गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।