कम होंगे मेहमान, तभी बचेगी जान
बड़ौत। कोरोना संक्रमण के बढ़ने पर शासन ने शादी आयोजनों में शामिल होने वाले मेहमानों की संख्या अधिकतम 25 कर दी है। खुले और बंद परिसर के लिए नियम एक होगा। यह इसलिए भी किया क्योंकि जब मेहमानों की संख्या कम होगी, तभी जान भी सुरक्षित होगी।
संक्रमण की दर कम होने के बीच शासन ने एक बार फिर सख्ती का संदेश दिया है। जाहिर है कि 24 मई के बाद भी कर्फ्यू बढ़ाया जा सकता है। वहीं बैंक्वेट हॉल संचालकों को जून और जुलाई में संक्रमण के कुछ कम होने से आशा बंधी हुई है, क्योंकि बुकिंग कैंसल कराने के साथ लोगों ने एडवांस वापस लिया है। हालांकि अभी स्थितियां स्पष्ट नहीं हो रही हैं।
ये बोले ज्योतिषाचार्य
ज्योतिषाचार्य पंडित सतीश शर्मा के अनुसार 20 जुलाई को हरिशयनी एकादशी है। शादी के आयोजन इसी तिथि तक होंगे। उन्होंने बताया कि अधिकांश यजमान नवंबर और दिसंबर के लिए अपनी शादियों को शिफ्ट कर रहे है। ताकि सुरक्षित माहौल में वह खुशियां मना सके।
ये बोले विवाह मंडप
बड़ौत विवाह मंडप एसोसिएशन के महामंत्री वरदान जैन ने बताया कि अब बंद या खुले स्थानों पर समारोहों में एक समय में अधिकतम 25 मेहमानों की अनुमति है। हमें जून और जुलाई के महीने से थोड़ी उम्मीद है। अधिकांश लोगों ने आयोजनों की तिथि बढ़ा दी है। एहतियात के साथ हम लोग फिलहाल बैंक्वेट हाल बंद किए हुए हैं।