बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण पर आपत्ति को लेकर डीपीआरओ कार्यालय में शनिवार को भी गहमागहमी रही। कई गांवों से पहुंचे दावेदारों ने अपने तर्क देते हुए आरक्षण बदलने की मांग रखी।
हरचंदपुर निवासी वेदप्रकाश, सुरेश चंद, बिल्लू, कर्म सिंह, धर्मवीर आदि ने बताया कि उनके गांव का प्रधान पद कभी अनुसूचित जाति की स्त्री के लिए आरक्षित नहीं हुआ। अहमद शाहपुर पदड़ा के कमलराज त्यागी, फिरोज खान, आमिल खान ने सामान्य महिला के लिए सीट आरक्षित करने की मांग की। हिलवाड़ी के बिट्टू, ताज मोहम्मद, सोनू आदि ने प्रधान की सीट ओबीसी से सामान्य जाति के लिए आरक्षित करने की मांग की। ट्यौढ़ी के विकास शर्मा ने प्रधान की सीट ओबीसी के लिए आरक्षित करने की मांग की। भडल के ग्रामीणों ने भी आपत्ति दर्ज कराई। डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र ने बताया कि सोमवार तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकेंगी।