बागपत। नैथला गांव के यमुना खादर में रविवार रात को रेत खनन को लेकर हुए बवाल में गोली लगने से घायल सरूरपुरकलां गांव के प्रमोद का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। उधर गोली मारने वाले आरोपियों का पुलिस तीसरे दिन भी सुराग नहीं लगा सकी।
नैथला गांव के यमुना खादर में खनन को लेकर हुए विवाद में प्रमोद को गोली मारने वालों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने आसपास के गांवों के आठ लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उधरए घायल प्रमोद के तीसरे दिन भी पुलिस बयान दर्ज नहीं कर सकी। इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि जो भी संदेह के घेरे में आ रहा है, उससे पूछताछ की जा रही है। घायल के होश में आने पर पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।