बागपत के दोघट के भड़ल गांव में रविवार की रात में बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
ग्रामीणों ने बताया रविवार की अर्द्धरात्रि के लगभग छह सशस्त्र बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से गांव में धावा बोल दिया। बदमाश अभी मकान में घुसने की योजना बना ही रहते थी कि ग्रामीण जाग गए और बदमाशों को देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव में जाग हो गई। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए जंगल में भाग गए। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला।
उल्लेखनीय है कि तीन नवंबर की रात में भी बदमाशों ने भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश राणा के पिता ब्रहम सिंह के मकान में घुसकर कहर बरपाया था और उनकी 75 वर्षीय माता विद्या देवी की लूटपाट का विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी थी। बदमाश यहां से एक लाख रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए थे। पुलिस इस मामले में अभी तक एक भी बदमाश को नहीं पकड़ पाई है। इस वारदात को अभी पांच ही दिन बीते थे कि अब फिर से बदमाशों ने गांव में घुसकर लूटपाट का प्रयास किया। इससे लगता है बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है और वे बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।