बागपत के पाली गांव में चोरी के दौरान दरवाजे पर लगा पाउडर दिखाते लोग
- फोटो : BAGHPAT
पीड़ित परिवार का आरोप, नशीला स्प्रे कर अंजाम दी गई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। पाली गांव में चोरों ने कमरे में सो रहे परिवार को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और लाखों रुपये के गहने और नगदी चोरी कर फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से परिवार के सदस्य कमरे से बाहर निकले। पुलिस जांच में जुटी है। परिवार ने कोतवाली में दी तहरीर में 30 लाख रुपये का नुकसान बताया है।
पाली गांव निवासी पीतम सिंह ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह और उसके दो भाई प्रेम सिंह और दयाल सिंह एक ही मकान में रहते हैं। मकान दो मंजिल का है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने कमरों में सोए हुए थे। वह भी ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सोया गया था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब आंख खुली तो उसने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा। मगर, दरवाजा बाहर से बंद था। दूसरे कमरों में सोए परिवार के अन्य सदस्यों को भी बाहर से कुंडी लगाकर दरवाजा बंद कर दिया गया था। इसके बाद उसने बाहर बैठक में सो रहे अपने भाई प्रेम सिंह को मोबाइल पर कॉल कर जगाया। उसने आकर उनके कमरों के दरवाजे खोले। जब वह बहार निकले तो उनके होश उड़ गए। चोर दो कमरों से 25 तोले सोने तथा करीब सवा दो किलो चांदी के जेवरात तथा घर में रखे 15 हजार रुपये व मंदिर की गुल्लक तोड़कर करीब दस हजार रुपये चोरी कर ले गए। उनका करीब तीस लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
परिजनों ने बताया चोरों ने घटना को अंजाम देने पहले घर के सदस्यों को किसी नशीले पदार्थ का स्प्रे कर बेहोश कर दिया था। कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है, जांच के बाद ही खुलासा किया जाएगा।
अशरफाबाद थल में भी चोरी
रमाला। अशरफाबाद थल निवासी मुन्नवर ने बताया कि मंगलवार की रात वह परिवार के साथ कमरे में सोया हुआ था। आधी रात को चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे और दूसरे कमरे में रखे बक्से व आलमारी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्हें बुधवार सुबह जागने पर चोरी के बारे में जानकारी हुई। मुन्नवर ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवप्रकाश का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।