बस में फ्री सफर के लिए युवक ने पहनी साड़ी, पोल खुलने पर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा के चक्कर में एक युवक महिला के कपड़े पहनकर रोडवेज बस में सफर कर रहा था। इसका पता चलने पर बस में हंगामा शुरू हो गया, तो युवक बस से कूदकर भाग गया।
रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया। एक युवक ने महिला के कपड़े पहन लिए और बड़ौत से सहारनपुर जाने वाली रोडवेज बस में सवार हो गया। जब बस किशनपुर बराल के निकट पहुंची तो परिचालक को शक हुआ। परिचालक ने उससे पूछताछ की, जिससे बस में हंगामा शुरू हो गया। पोल खुलने पर युवक किशनपुर बराल स्टैंड पर बस रुकते ही सूप रोड की तरफ भाग गया। दुकानदारों राकेश शर्मा, रूपेश, नौशाद, विनोद ने बताया कि बस से भागते समय युवक की साड़ी निकल गई।