खेकड़ा (बागपत)। परिजनों से विवाद के चलते खेकड़ा नगर निवासी एक युवक ने तमंचे से सिर में गोली मार ली। गंभीर हालत में परिजनों ने दिल्ली के ट्रोमा सेंटर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मोहल्ला रामपुर निवासी राजेंद्र कौशिक का पुत्र जीवन कौशिक लाईनपार बस्ती में परचून की दुकान करता था। पिछले कुछ दिनों से उसका परिजनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शनिवार की सुबह उसने छत पर जाकर तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी छत पर पहुंचे। खून से लथपथ जीवन फर्श पर पड़ा था। मौके पर शराब की एक बोतल भी पड़ी थी। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी और तुरंत ले जाकर दिल्ली के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी शिवप्रकाश सिंह ने बताया कि युवक की शनिवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।