ट्रैक्टर लेकर लौट रहे युवक को पीट-पीटकर किया अधमरा
बड़ौत। मलकपुर गांव में खेत से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे युवक से रास्ते में खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुई कहासुनी में चार लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है।
घायल कपिल पुत्र मदन मलकपुर गांव का रहने वाला है। वह रविवार को खेत की ओर से ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक मकान के आगे बाइक खड़ी की गई थी। उसने मालिक से बाइक हटाने को कहा तो वह नाराज हो गया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान तीन-चार अन्य लोगों ने युवक कपिल पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में कपिल ने चार के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कपिल को सीएचसी में भर्ती कराया है।