शिवरात्रि पर निकाली जा रही झांकी के ऊपर से बिजली की लाइन का तार हटाने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई। जिस लकड़ी से बिजली का तार हटाया जा रहा था, उसके गीला होने के चलते हादसा हुआ।
शिवरात्रि पर प्रत्येक वर्ष नगर में झांकी निकाले जाने की परंपरा है। युवकों ने करीब 12 फुट ऊंची झांकी तैयार की। सोमवार शाम करीब छह बजे युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर झांकी को बड़ागांव मार्ग से लेकर चलने लगे।
नगर में एंट्री करने से पहले ही झांकी के ऊपर बिजली की लाइन आ गई। बिजली के तार को हटाने के लिए कांशीराम आवासीय कॉलोनी निवासी कपिल (25) झांकी पर चढ़ा और एक डंडे से तार हटाने लगा। इस बीच करंट लगने से कपिल गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंडा गीला होने के चलते करंट उतरा था। लोग उसे लेकर नगर में ही प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचे। वहां से उसे गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर किया। रात में करीब पौने नौ बजे अस्पताल में झुलसे युवक ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र विष्ट ने कहा नगर में शाम के समय झांकी निकालने के लिए आयोजकों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी।
बढ़ा दी ऊंचाई झांकी की
शिवरात्रि एवं अन्य मौकों पर यहां झांकी निकाले जाने की परंपरा है। पहले झांकियों की ऊंचाई 6 से 7 फुट तक ही रहती थी, लेकिन पिछले दो वर्ष से ऊंची झांकियां बनाई जा रही है। अनुज शर्मा, राजेश, देवेंद्र, सोनू, राजपाल, बिजेंद्र ने पुलिस प्रशासन से नगर में भविष्य में निकलने वाली झांकियों की ऊंचाई 6 से 7 फुट कराने की मांग की