महिलाओं ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी
भूरी की हत्या के बाद जल्द से जल्द अंतिम संस्कार कराना चाहती थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। बिलोचपुरा में गम और गुस्से का माहौल रहा। पुलिस की जल्दबाजी पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बार-बार अंतिम संस्कार का दबाव बनाए जाने और अधिकारियों के गांव नहीं पहुंचने से नाराज पिता ने बिजली का तार पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। महिलाओं ने पुलिस और अधिकारियों को खूब-खरी खोटी सुनाई।
शनिवार रात से ही गांव में पुलिस बल तैनात रहा। सीओ सदर मंगल सिंह रावत, एसओ रमाला शिव प्रकाश सिंह, एसओ सिंघावली अहीर रवि रत्न के अलावा बालैनी और बिनौली थाने की पुलिस भी बुलाई गई थी। रविवार सुबह से ही पुलिस अंतिम संस्कार जल्दी करने के लिए दबाव बनाने लगी, तो ग्रामीण भड़क गए। डॉग स्क्वायड से जांच कराने की मांग रखी। डॉग स्क्वायड ने जांच की, लेकिन कुछ सुबूत नहीं मिला। नाराज पिता कलीराम ने बिजली का तार पकड़ लिया। करंट लगने से वह मामूली रूप से झुलस गया। इसके बाद आला अधिकारी गांव पहुंचे तो नाराज महिलाओं ने खरी खोटी सुनाई। सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक हंगामे की स्थिति रही।
मंदिर से कराया गया एलान
मृतका भूरी की मां उमा देवी ने बताया कि भूरी शनि मंदिर में दीपक जलाने गई थी। अपने छह बहन-भाइयों में वह दूसरे नंबर की थी। कलीराम खेती के साथ ही रंगाई-पुताई का काम भी करता है। कलीराम ने बताया कि बागपत ब्लॉक में काम करने के बाद जब घर पहुंचा तो बच्ची के लापता होने की बात पता चली। धार्मिक स्थल से एलान कराया गया, तो सभी लोग भूरी को तलाशने में जुट गए। मंदिर से 100 मीटर दूरी पर ही खेत में बच्ची मिल गई। लाश के पास जानवर थे। भूरी के कपड़े भी वहीं पड़े थे।
चोट के निशान मिले, खून बहने से हुई मौत
भूरी के शरीर पर गहरे घाव और चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि अधिक खून बहने से मौत हुई। डॉक्टरों के दो सदस्यीय पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
दंपती के खिलाफ हत्या का मुकदमा
पिता कलीराम ने गांव के ही मनोज कश्यप और उसकी पत्नी कौशल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कई दिन पहले इन दोनों ने हत्या की धमकी दी थी।
कई सवालों के जवाब बाकी
भूरी की हत्या कैसे की गई। शनि मंदिर से वह ईख के खेत तक कैसे पहुंची। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि कहीं तंत्र-मंत्र के लिए तो हत्या नहीं की गई। इन सभी सवालों के जवाब अनसुलझे हैं। एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है।