बरनावा गांव में ससुराल से चल रहे विवाद के चलते एक महिला ने कमरे में बंद होकर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इससे महिला की मौत हो गई।
मृतका रीना ( 35) पुत्री रघुवीर सिंह बरनावा की रहने वाली है। उसकी 10 साल पहले मुजफ्फरनगर जनपद के मुकेश पुत्र चमनलाल के साथ शादी हुई। दो माह से उसका ससुराल से विवाद चल रहा था। इस कारण रीना बरनावा गांव में मायके में रह रही थी।
मंगलवार को पति मुकेश उसे लेने आया था तो रीना के परिजनों ने भेजने से इंकार कर दिया था। इस पर मुकेश और रीना के परिजनों में मारपीट भी हुई थी।
इसके चलते बृहस्पतिवार को रीना ने मकान के कमरे में बंद होकर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। जब कमरे से धुआं उठता दिखा तो उसकी मां रामेश्वरी ने शोर मचा दिया तो लोग जमा हो गए। उन्होंने किवाड़ तोड़कर देखा तो रीना जली हुई मृत अवस्था में पड़ी थी।
रीना की मां ने बिनौली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मां की सूचना पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।