बागपत। पुराने कस्बे के देशराज मोहल्ले में सीएमसी कमलेश पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उधर, घटना के विरोध में स्वास्थ्य विभाग की महिला फील्ड वर्कर हड़ताल पर रहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी हमलावर जेल नहीं जाएंगे, तब तक काम नहीं किया जाएगा।
देशराज मोहल्ले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण कर रही थी। सीएमसी कमलेश मोहल्ले के बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रही थी। गुलफाम के घर में टीके लगवाने के लिए कहने गई तो परिवार के लोगों ने उस पर हमला कर दिया था। बुरी तरह पिटाई से वह गंभीर घायल हो गई थी। अन्य महिला कर्मचारियों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर प्रमोद कुमार ने गुलफाम के परिवार पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी महिला सितारा बेगम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उधर आरोपी सितारा बेगम का कहना है कि उसे साजिश के तहत केस में फंसाया गया है। उसने किसी के साथ मारपीट नहीं की है।
जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज करने की मांग
बागपत (ब्यूरो)। स्वास्थ्य विभाग में फील्ड में काम करने वाली एएनएम, आशा, सीएमसी के अलावा आंगनबाड़ी घटना के विरोध में हड़ताल पर चली गईं। उनका कहना है कि पुलिस ने केस को सही धारा में दर्ज नहीं किया है। केस जानलेवा हमले की धारा में दर्ज कर सभी आरोपी पकड़े जाएं, तभी वे काम पर आएंगी। उन्होंने सीएचसी पहुंचकर अफसरों से शिकायत की। इस दौरान कमलेश, ममतेश, तारा, मीनू, पूजा, वंदना, ममता, रेखा, गीता, पिंकी, मुनेश, सविता, पूनम मौजूद रहीं। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर प्रमोद कुमार का कहना है कि महिला फील्ड वर्कर हड़ताल पर हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अफसरों से मिला जाएगा।