बागपत के बड़ौत नगर में चल रहे सैकड़ों फर्जी कनेक्शनों से जहां हर माह विद्युत निगम को लाखों रुपयों का चूना लग रहा है, वहीं निगम में तैनात कुछ सरकारी कर्मचारी व संविदा लाइनमैन उपभोक्ताओं को डरा धमकाकर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। लेकिन, इतना सब कुछ हो जाने के बावजूद विद्युत निगम की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है। उपभोक्ताओं ने एसडीएम से शिकायत कर आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बिनौली रोड स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय पर तैनात कुछ सरकारी कर्मचारी व मुख्य शिकायत केंद्र पर तैनात कुछ संविदा लाइनमैन हर माह विभाग को लाखों रुपयों का चूना लगा रहे हैं। क्योंकि, विद्युत निगम के अफसरों से बेखौफ कर्मचारी व संविदा लाइनमैनों ने लोगों से नए कनेक्शन के नाम पर पांच से छह हजार रुपये की अवैध वसूली कर सैकड़ों फर्जी कनेक्शन संचालित करा रखे हैं।
मामला प्रकाश में आया तो निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित उपभोक्ताओं में श्रीपाल, कुसुमलता के अनुसार अब कर्मचारी शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर उपभोक्ताओं की बिजली चोरी में झूठी एफआईआर दर्ज कराएं जाने की धमकी दी जा रही है। बुधवार को पीड़ित उपभोक्ताओं ने एसडीएम दीपाली कौशिक से शिकायत कर मामले की जांच कर उक्त कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसडीएम का कहना था कि शिकायत मिल रही है। इस संबंध में निगम के अफसरों से वार्ता कर जांच कराई जाएगी। उधर, एक्सईएन द्वितीय एसपी टांक का कहना था कि किसी भी कीमत पर उपभोक्ताओं का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला दिखवाया जा रहा है।