मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर निवासी महिला जबरूद ने बताया कि उसकी शादी 14 साल पहले मोहल्ला मुगलपुरा के अल्ताफ के साथ हुई थी। शादी के बाद बच्चा नहीं होने पर पति के साथ विवाद होने लगा। बकरीद से पहले पति ने उसे तीन तलाक देकर घर भेज दिया। इसकी शिकायत पर मीरापुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि ससुराल वालों ने उसके पति अल्ताफ का निकाह अलीगढ़ की एक महिला से तय कर दिया, जो रविवार दोपहर बरात लेकर जाने की तैयारी कर रहे थे।
उसकी शिकायत पर पुलिसकर्मी वहां आए तो ससुराल वालों ने छिपाकर उसके पति को दूसरी गली में कार में बैठाकर बरात लेकर भेज दिया। वहीं बरात में जाने के लिए तैयार खड़े बराती पुलिसकर्मियों को देखते ही भाग गए तो कुछ इधर-उधर घर में छिप गए।
इस मामले में जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि महिला का पति पहले ही बरात लेकर जा चुका था। इसके बाद महिला भी शिकायत दिए बिना ही चली गई। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
ससुर बोला - तीन तलाक देने के बाद घर में रखा तो सही नहीं माना जाएगा
महिला के ससुर मोहम्मद हुसैन ने बताया कि शादी के 14 साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर बकरीद से चार दिन पहले बेटे अल्ताफ हुसैन और उसकी पत्नी में विवाद हो गया था। बेटे ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उन्होंने पुत्रवधू को कार में बैठाकर मायके भेज दिया। इसकी शिकायत मीरापुर थाने में होने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली, जिसमें उन्होंने जमानत करा ली। अब पूरा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ससुर मोहम्मद हुसैन ने कहा कि तीन तलाक के बाद वह पुत्रवधू को अपने घर में नहीं रख सकते, क्योंकि तीन तलाक के बाद महिला को घर में रखना सही नहीं माना जाता। मीरापुर थाने में दर्ज मुकदमे में न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, वह मान्य होगा।