बागपत। अब ग्रामीणों को शादी, जन्मदिन या मुंडन आदि समारोह के लिए शहरों की ओर नहीं दौड़ना पड़ेगा। जिले के लिए तीन पंचायत उत्सव भवन मंजूर हुए, जिनके निर्माण पर 4.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे पिछले जन्म के कर्म शुद्ध करने के लिए मुंडन समेत तमाम मांगलिक समारोह के लिए बेहद सस्ते किराए पर पंचायत उत्सव भवनों की सुविधा मिलेगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1.41 करोड़ रुपये एक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण होगा। इनका निर्माण कराने के लिए जगह चिह्नित करने के लिए शासन ने बागपत डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की। इसमें सीडीओ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत तथा जिला पंचायत राज अधिकारी सदस्य होंगे।
पंचायत उत्सव भवन के लिए वह जगह चयनित होगी, जहां आसानी से बस व छोटे वाहन आ जा सकें। तीन हजार वर्ग मीटर में पंचायत उत्सव भवन बनेगा। जमीन दान में लेने का प्रयास होगा।
पंचायत उत्सव भवन में इमारत का कुल निर्मित क्षेत्र 522 वर्ग मीटर होगा। इसमें 100 लोगों की क्षमता वाला एक हॉल, स्टेज, मंडप होगा। तीन कमरे होंगे, जिनमें एक कमरा दिव्यांगजन के लिए भूतल पर होगा। रसोईघर का निर्माण होगा।
प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार ने डीएम तथा सीडीओ को भेजे पत्र में कहा कि पंचायत उत्सव भवन के लिए यदि कोई मातृ भूमि योजना के तहत दान देना चाहता है तो उससे दान लिया जा सकता है। सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने डीपीआरओ को इस संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।