बागपत। यहां दूसरे दिन भी मंगलवार को बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली और मौसम ठंडा हो गया है। वहीं नेशनल हाईवे समेत अधिकतर जगहों पर जलभराव ने लोगों के लिए आफत पैदा कर दी। शहर में फाल्ट होने से चार घंटे तक बत्ती भी गुल रही।
यहां दो दिन से बारिश हो रही है और होने से मौसम ठंडा होने के कारण लोगों ने पंखे बंद कर दिए हैं। मंगलवार को भी दोपहर दो बजे के बाद बारिश शुरू हुई जो देर शाम तक रुक रुककर होती रही। यहां 12 मिमी बारिश हुई और इससे से दो डिग्री तक तापमान कम हो गया। बागपत समेत कई जगहों पर सड़कों व गलियों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इनके अलावा नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को सिसाना में जलभराव के कारण बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। वहां काफी देर तक जाम लग गया। इससे वाहन चालकाें को काफी परेशानी हुई।
वहीं बारिश होने के कारण विद्युत लाइनों व ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गए। जिससे बागपत, खेकड़ा, बड़ौत सहित कई जगह कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं खेकड़ा में बारिश से रेलवे मार्ग, जैन कॉलेज मार्ग, पाठशाला मार्ग, यादव चौक, तांगा स्टैंड पर जलभराव हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज हवा के साथ ओलाव़ृष्टि
छपरौली। छपरौली कस्बा, लूंब व तिलवाड़ा गांव में मंगलवार की देर शाम तेज हवा चली और फिर देखते ही देखते ओलावृष्टि हो गई है। ओलावृष्टि से धान की फसल भी गिर गई और किसानों को काफी नुकसान हुआ है। तेज बारिश से क्षेत्र में जलभराव होने से लोगों को परेशानी हुई। हवा के कारण बिजली के तार टूटकर गिर गए और कई घंटे बिजली बाधित रही। देर रात बारिश बंद होने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारी बिजली ठीक करने में लगे रहे।