महिला के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों में नोकझोंक
- पुलिस ने लोगों को शांत कर कराया अंतिम संस्कार
छपरौली। क्षेत्र के लूंब गांव के कुछ लोगों ने जोगी समाज की एक महिला का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। इस दौरान शव को सड़क के किनारे रखकर ग्रामीणों की आपस में नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर महिला के शव का अंतिम संस्कार कराया।
जोगी समाज के लोगों कहना था कि स्थान उनके समाज का श्मशान घाट हैं। वही अंतिम संस्कार करने का विरोध करने वाले लोगों का कहना था कि यह स्थान बस्ती के बीच में है ऐसी स्थिति में चिता के जलने से बस्ती के लोगों को परेशानी होती है। उनका कहना था कि हेवा मार्ग पर गांव का श्मशान घाट है वह शव का वहां ले जाकर अंतिम संस्कार कर दे। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोगों में कहासुनी शुरु हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। कार्यवाहक थाना प्रभारी नरेश सिंह का कहना है कि जमीन जोगी समाज की है और समाधि के लिए है। जमीन के आस-पास बस्ती होने के कारण लोगों को परेशानी होती है। दोनों पक्षों के लोगों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। फिलहाल महिला के शव का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर करा दिया गया है।