मेरी आवाज सुनो की पड़ताल:
-बढ़ रहा हादसे का खतरा, ग्राहकों को उठानी पड़ रही परेशानी, अफसर बने हैं अंजान
फोटो आठ की सीरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। कस्बे में अंडरग्राउंड की गई हाईटेंशन लाइन के तार और गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। इससे वहां हादसा होने का खतरा बढ़ गया है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने ऊर्जा निगम के अफसरों से गड्ढे बंद करवाने की मांग की।
कस्बा निवासी विकास, मनोज, अनिल कुमार आदि ने बताया कि पुरा महादेव मार्ग से ऊर्जा निगम की तरफ से हाईटेंशन लाइन अंडरग्राउंड करने पर काम किया गया था। इसके लिए जगह-जगह गड्ढे खोदे गए और लाइन भी दबाई गई, लेकिन कस्बे के बिनौली चौराहे पर गड्ढा खुला छोड़ दिया गया। इससे नीचे दबाई गई हाईटेंशन लाइन के तार भी बाहर निकले हुए हैं। उन्होंने शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराने का आरोप लगाया। लोगों ने बताया कि गड्ढा खुला होने के कारण कोहरे में बड़ा हादसा हो सकता है।
-बाजार में आने वाले ग्राहक कई बार तारों की चपेट में आने से घायल हो चुके हैं। जल्द ही गड्ढा में तार अंदर कर समस्या का समाधान कराया जाए। -मनोज शर्मा
-बिजली की हाईटेंशन लाइन के तारों को खुला छोड़ने की जानकारी बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। -सलमान
वर्जन
-कस्बे में बिनौली चौराहे पर अंडरग्राउंड हाईटेंशन लाइन और गड्ढा खुला होने का मामला संज्ञान में आया है। ऊर्जा निगम ने लाइन दबवा दी है। गड्ढा बंद कराने की जिम्मेदारी लोनिवि की है। -विवेक आनंद, अवर अभियंता, ऊर्जा निगम