संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एक सप्ताह की राहत के बाद बागपत में गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी थी। अब एक बार फिर से तेज धूप और गर्म हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी है। सुबह दस बजे के बाद से ही गर्म हवाओं का असर बढ़ने लगता है, जो शाम तक जारी रहता है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी। यह बढ़ोतरी लोगों के लिए असहज स्थिति पैदा करेगी और उन्हें विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। गर्मी का यह प्रकोप पूरे सप्ताह जारी रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने इस सप्ताह अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान में और वृद्धि होगी।