दोघट। टीकरी के गुड़ व खांड की मिठास गुजरात तक पहुंच गई है और आसपास के कई राज्यों में मांग भी बढ़ गई है। इससे कोल्हू संचालक गदगद हैं। यहां के गुड़ व खांड की गुणवत्ता सही होने के चलते हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में सप्लाई किया जा रहा है।
आसपास के राज्यों में टीकरी की पहचान गुड़ और खांड से होती है। टीकरी का गुड़ और खांड की मिठास आसपास के राज्यों से लेकर गुजरात तक फैल चुकी है। अब वहां से गुड़ और खांड के ऑर्डर भी मिलने लगे हैं। कोल्हू संचालक कृष्णपाल, रोहताश आदि ने बताया कि लंबे समय से यहां गुड़ बनाया जाने और गुणवत्ता सही होने पर मांग ज्यादा रहती है। घोड़ा-बुग्गी वाले रोजाना गुड़ और खांड लेकर दूर-दराज के इलाकों में बेचने जाते हैं। यही नहीं कई बड़े कारोबारी भी सीजन शुरू होने से पहले ही ऑर्डर दे देते हैं। अब गन्ने की आवक भी कोल्हू पर बढ़ गई है।
कोल्हुओं पर 350 से 360 रुपये क्विंटल गन्ना
चीनी मिलों का पेराई सत्र अभी शुरू नहीं हुआ है। सरसों की बुआई और आर्थिक जरूरतों के चलते किसान कोल्हुओं पर गन्ना डाल रहे हैं। कोल्हुओं पर किसानों को 350 से 360 रुपये प्रति क्विंटल तक गन्ने का भाव मिल रहा है। वहां तैयार होने वाले गुड़ का थोक भाव 5400 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, जबकि फुटकर बाजार में गुड़ 60 से 65 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। शक्कर का थोक भाव करीब 6000 रुपये प्रति क्विंटल है और फुटकर में 75 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक्री हो रही है।
-सर्दी का सीजन शुरू होते ही गुड़ और खांड की मांग बढ़ गई है। हर साल यहां से गुड़ और खांड तैयार कर गुजरात भेजी जाती है। इस बार मांग बढ़ गई है। रामकुमार, कोल्हू संचालक
-बाजार में गुड़ और खांड की मांग बढ़ना अच्छा संकेत है। इसी तरह मांग रही तो सीजन अच्छा रहेगा। अच्छी गुणवत्ता का गुड़ और खांड तैयार कर भेजा जा रहा है। -ओमपाल, कोल्हू संचालक