बागपत। नगर के ऑफिसर्स कॉलोनी के पास से गुजरने वाला नाले में गंदगी के अंबार लगे है। बदबू आने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। गंदगी होने के कारण मच्छर बढ़ रहे है। लोगों को संक्रामक रोग फैलने का खतरा है। मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका से नाले की समय-समय पर सफाई कराने की मांग की है।
मोहल्ले की ओमबीरी का कहना है कि नगर पालिका एक साल में एक बार नाले की सफाई कराती है। नाले की दीवार टूटी हुई है। जगह-जगह कचरा रुक जाता है। सफाई कर्मी नाले का कचरा सड़क पर डाल कर चले जाते है। उन्हें खुद सड़क से कचरा साफ करना पड़ता है।
सतपाल का कहना है कि नाले की सफाई न होने के कारण बदबू आती रहती है। मच्छर भी काफी बढ़ गए है। मोहल्ले में संक्रमण रोग फैलने का खतरा रहता है। पालिका को समय-समय पर नाले की सफाई करानी चाहिए।
अशोक कुमार का कहना है कि नाले की जगह-जगह से दीवारें टूटी हुई है। नाले में गंदगी और घास होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती। गंदगी होने के कारण बदबू आती रहती है और मच्छर भी पनपते है। उन्होंने भी बरसात के समय ही नहीं बीच-बीच में नाले की सफाई कराने की मांग की है।
बरसात से पहले कराई जाएगी सफाई
बागपत। सभासद संतेरश का कहना है कि बोर्ड की बैठक में नाले की सफाई कराने का मुद्दा उठाया था। बरसात से पहले नाले की सफाई करा दी जाएगी।