अमीनगर सराय। प्रधानमंत्री विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2019 में सिंघावली अहीर में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ था। चार करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विद्यालय के लिए शासन से फरवरी, 2019 में 48 लाख की पहली किश्त भेजी थी। मगर, दूसरी किश्त न मिलने से कालेज का निर्माण अधर में लटका हुआ है।
प्रधानमंत्री विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2018-19 में सिंघावली अहीर गांव में राजकीय कन्या इंटर कालेज के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। शासन ने दो फरवरी 2019 को राजकीय निर्माण एजेंसी को कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए थे। प्रस्ताव पास होने के बाद ग्राम पंचायत द्वारा कॉलेज के लिए नौ बीघा जमीन मुहैया कराई गई थी। शासन से चार करोड़ पंद्रह लाख का बजट का प्रस्ताव पास कर उसी समय पहली किश्त के रूप में 48 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया था। मगर, डेढ़ वर्ष बाद कॉलेज की नींव का कार्य भी पूर्ण नहीं हो पाया है। दूसरी किश्त जारी न होने के कारण निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।
क्या कहते हैं प्रधान
- ग्राम प्रधान सतबीर यादव का कहना है कि कॉलेज के लिए ग्राम पंचायत निर्माण के लिए नौ बीघा जमीन उपलब्ध कराई गई थी। डेढ़ साल बीत चुका है, अभी तक कालेज की नींव भी पूरी नहीं हो पाई है।
- पूर्व प्रधान राजबाला देवी का कहना है कि कालेज का निर्माण होने से बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और लड़कियों को शिक्षण के लिए गांव से दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने शीघ्र कालेज का निर्माण कराने की मांग की है।
कालेज की एक ही किश्त हुई जारी
कॉलेज के निर्माण के लिए शासन से एक ही किश्त जारी हुई थी। जनवरी, 2020 में दूसरी किश्त के लिए शासन को पत्र लिखा गया था। बजट मिलते ही कालेज का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - मोहम्मद तारीक, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी।