बागपत। नगर में जिन जगहों पर लोग पानी की समस्या से जूझ रहे है, वहां जल्द ही यह समस्या खत्म होने की उम्मीद है। क्योंकि नगर पालिका की ओर से जल्द ही तीन नए ट्यूबवेल लगाने की तैयारी है। इनमें दो ट्यूबवेल नगर के पुराने कस्बे में लगवाए जाएंगे तो एक ट्यूबवेल को खत्ता रोड के पास कराया जाएगा। इसपर करीब 75 लाख रुपये खर्च होंगे, जिसकी मंजूरी मिल चुकी है। यह ट्यूबवेल लगने से करीब 20 हजार लोगों को बेहतर पेयजल मिल सकेगा।
नगर के पुराने कस्बे, केतीपुरा, मिर्धानपुरा, खत्ता रोड समेत कई जगहों पर लगातार नए मकान बन रहे है, जिससे पानी की सप्लाई की समस्या है। क्योंकि पानी का कनेक्शन बढ़ते जा रहे है और पानी का प्रेशर नहीं होने से किसी के घर तक नहीं पहुंचता तो किसी के यहां पानी में कीचड़ पहुंच रहा है। इस तरह की समस्याओं का समाधान करने के लिए नगर पालिका ने पुराने कस्बे में शेख बाउद्दीन की मजार के पास व मिर्धानपुरा के पास नए ट्यूबवेल लगाने की योजना बनाई है। इन दोनों जगह पर ट्यूबवेल लगने से आसपास के मोहल्लों में पानी की समस्या खत्म हो जाएगी। इनके बाद खत्ता रोड के पास नगर पालिका की जमीन में एक ट्यूबवेल लगाया जाएगा। इनके लिए जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
--
हमारे यहां काफी ऊंचाई है, इसलिए टंकी का पानी नहीं आता है, इसलिए परेशानी होती है। हैंडपंप का पानी भी ठीक नहीं है और पीने तक के पानी की समस्या बनी है। इस समस्या का जल्द ही समाधान होना चाहिए। अब्दुल गफ्फार, केतीपुरा
--
पानी काफी कम आता है और जब पानी आता है तो उसका प्रेशर काफी कम रहता है। इस समस्या को कई बार नगर पालिका में बता चुके है। अगर यहां ट्यूबवेल लग जाता है तो समस्या खत्म हो जाएगी। जमालुदीन, केतीपुरा
--
हमारे यहां पानी का प्रेशर कम होता है और इसलिए ही उसके साथ कीचड़ आती है। प्रेशर पूरा होने पर यह समस्या खत्म हो सकती है। यहां ट्यूबवेल लगेगी तो समस्या का समाधान हो जाएगा। गुलफाम, मिर्धानपुरा
--
हमारे यहां पानी का कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है और यह कहा जाता है कि यहां पानी अभी नहीं आता है। इसलिए हैंडपंप से पानी लेकर आते है और काफी समस्या झेलनी पड़ रही है। अगर यहां पानी आए तो हमारी काफी समस्या खत्म हो जाए। बिल्लू, मिर्धानपुरा
--
पुराने कस्बे के कई मोहल्लों केतीपुरा, मिर्धानपुरा, पंडितान मोहल्ला आदि में पेयजल की समस्या है। जिसको दूर करने के लिए दो नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। उनके बाद खत्ता रोड के पास ट्यूबवेल लगेगा। इस तरह नगर में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। - राजुद्दीन, चेयरमैन नगर पालिका